जम्मू : पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू संभाग में बारिश और कश्मीर घाटी के कुछ एक पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी तथा मैदानी इलाकों में बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम में बदलाव से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। तापमान गिरने से भीषण गर्मी झेल रहे जम्मू वासियों ने भी राहत की सांस ली है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान आमतौर पर बादल छाए रहने के साथ रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। शनिवार को भी सुबह से ही आसमान बादलों से भरा हुआ है। उपरी इलाकों में बारिश हो रही है जिससे ठंडी हवाएं चल रही हैं। हालाकि जम्मू शहर में भी हल्की बूंदाबांदी हुई है।
आईएमडी निदेशक सोनम लोटस ने कहा कि 22 जून तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। बारिश के कारण संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन हो सकती है इसलिए वाहन चलाते समय एहतियात बरतने की जरूरत है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 21 जून तक मौसम अनिश्चित रहने की संभावना है। इसी बीच श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 15.1, पहलगाम 10.4 और गुलमर्ग में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लद्दाख के द्रास में न्यूनतम तापमान 6.3, लेह में 6.6 और कारगिल में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में न्यूनतम तापमान 24.4, कटरा 22.6, बटोत 16.6, बनिहाल 15.2 और भद्रवाह 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।