19 साल बाद देश को मिला मेडल, उपलब्धि हासिल करने वाले नीरज पहले भारतीय
यूजीन (अमेरिका) : भारत के गोल्डन ब्वाय जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने अमेरिका के यूजीन में 18वीं वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर एक बार फिर देश का नाम रोशन कर दिया। उन्होंने 88.13 मीटर भाला फेंक कर यह मेडल हासिल किया। ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने 90.46 मीटर भाला फेंक कर गोल्ड जीता। इसी इवेंट में भारत के रोहित यादव भी थे। वे 78.72 मीटर भाला फेंककर 10वीं पोजिशन पर रहे। मेडल जीतने के बाद नीरज ने तिंरगा के साथ पूरे स्टेडियम का चक्कर लगाया और भारतीय दर्शकों को शुक्रिया कहा। नीरज चोपड़ा बोले, आज कंडीशन मुश्किल थी, लोग गोल्ड की उम्मीद लगाते हैं, हर बार ऐसा होता नहीं पर मैं कोशिश नहीं छोड़ूंगा। नीरज चोपड़ा द्वारा इतिहास रचने के बाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘हमारे सबसे प्रतिष्ठित एथलीटों में से एक नीरज द्वारा एक और बड़ी उपलब्धि के लिए उनको बहुत बधाई। यह भारतीय खेलों के लिए एक विशेष क्षण है। नीरज को उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।’
ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने गोल्ड अपने नाम किया
ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने गोल्ड जीता। वहीं, चेक रिपब्लिक के जैकब वादले ने कांस्य पदक अपने नाम किया। नीरज चोपड़ा ने चौथी कोशिश में 88.13 मीटर लंबा थ्रो किया। वहीं, ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने अपने आखिरी थ्रो में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 90.54 मीटर दूर भाला फेंका। चेक रिपब्लिक के जैकब वादले कांस्य पदक के साथ तीसरे नंबर पर रहे। उन्होंने अपना बेस्ट थ्रो 88.09 मीटर दूर भाला फेंका। वहीं, इस प्रतिस्पर्धा में पाकिस्तान के अरशद नदीम भी शामिल थे। वो पांचवे स्थान पर रहे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 86.16 मीटर का था। 39 साल से चल रही वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का गोल्ड जीतने का सपना पूरा नहीं हो पाया। उसे सिल्वर से संतोष करना पड़ा। 19 साल बाद देश को इस चैंपियनशिप में कोई मेडल मिला है। नीरज से पहले अंजू बॉबी जार्ज ने लॉन्ग जंप में 2003 में ब्रॉन्ज जीता था।