लंदन भारतीय फिल्म महोत्सव-2022 की शुरुआत 23 जून से

लंदन : राजधानी लंदन में ‘लंदन भारतीय फिल्म महोत्सव (एलआईएफएफ) 2022’ की शुरुआत 23 जून से होने जा रही है। महोत्सव का आगाज बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू की फिल्म ‘दोबारा’ के प्रदर्शन से होगी। इस फिल्म महोत्सव में भारतीय अभिनेत्रियों और महिला फिल्मकारों की खासी मौजूदगी रहेगी। एलआईएफएफ-2022 में फिल्म द रेपिस्ट का यूरोपीय प्रदर्शन भी शामिल है, जिसमें बॉलीवुड अभिनेत्री कोंकणा सेन शर्मा एवं अभिनेता अर्जुन रामपाल हैं। इसके बाद फिल्म की पुरस्कार विजेता निर्देशक अपर्णा सेन के साथ चर्चा की जाएगी। महोत्सव में रेबाना लिज जॉन की डॉक्यूमेंट्री ‘लेडीज ओनली’ का प्रदर्शन भी शामिल है। यह डॉक्यूमेंट्री मुंबई की लोकल यात्री ट्रेन में सिर्फ महिलाओं के लिए आरक्षित डिब्बों को लेकर नारीवादी विषयों पर आधारित है।

महोत्सव निदेशक कैरी राजिंदर साहनी ने बताया कि इस साल एलआईएफएफ में 10 अलग-अलग भाषाओं की नई फिल्मों का प्रदर्शन होगा और भारत की जानी-मानी महिला फिल्मकार अपर्णा सेन के साथ बातचीत की जाएगी। महोत्सव की शुरुआत 23 जून को बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू की फिल्म दोबारा के प्रदर्शन के साथ होगा। इस फिल्म का निर्देशन अनुराग कश्यप ने किया है और निर्माता शोभा कपूर और एकता कपूर की कल्ट मूवीज है। यह बालाजी टेलीफिल्म्स की एक नई शाखा है। तीन जुलाई तक चलने वाले इस महोत्सव में पाल नलिन की फिल्म छेलो शो और अनिक दत्ता की अपराजिता का भी प्रदर्शन किया जाएगा। लंदन के अलावा फिल्म महोत्सव पांच जुलाई तक बर्मिंघम और छह जुलाई तक मैनचेस्टर में आयोजित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Captcha loading...