मध्य प्रदेश में तीन दिन में दस्तक दे सकता है मानसून

भोपाल : अरब सागर सहित अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय पांच मौसम प्रणालियों के कारण हवाओं के साथ नमी आने के कारण मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ रही हैं। प्री-मानसून की इस बारिश से बीते दो दिन में पूरा प्रदेश भीग गया। मंगलवार को प्रदेशभर में बादल छाए रहे और कुछ हिस्सों में छिटपुर बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिन में प्रदेश में मानसून के दस्तक देने की संभावना जताई है।मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार, गुरुवार को पूर्वी मध्य प्रदेश के सागर, जबलपुर, रीवा, शहड़ोल संभागों के जिलों में बौछारें गिर सकती हैं, लेकिन भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन संभागों के जिलों में अधिकतम तापमान बढ़ने के भी आसार हैं। यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो तीन दिन में मानसून मध्य प्रदेश में दस्तक दे सकता है।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी वेद प्रकाश ने बताया कि पाकिस्तान से लगातार आ रही हवाओं के कारण मानसून महाराष्ट्र से सटे मध्यप्रदेश के इलाकों में आगे नहीं बढ़ पा रहा। अब यह बड़वानी और इंदौर की जगह जबलपुर के रास्ते पहले प्रदेश में एंट्री कर सकता है। उन्होंने बताया कि दो दिन तक जबलपुर और उससे सटे इलाकों में प्री-मानसून की गतिविधियां और तेज होंगी, जबकि मालवा-निमाड़ में अभी दो दिन बारिश के आसार नहीं हैं। भोपाल में भी मानसून 18 तक पहुंच सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Captcha loading...